हरिद्वार। आगामी चारधाम यात्रा और आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के मद्देनजर नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। बुधवार को नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में निगम की टीम ने सिंहद्वार, शिवमूर्ति चौक और ब्रह्मपुरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 62 अवैध अतिक्रमण हटाए। उस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
अभियान के तहत सिंहद्वार और शिवमूर्ति चौक के आसपास सरकारी जमीन पर अवैध रूप से लगाए गए खोखे और ठेली और अस्थायी दुकानों को हटाया गया। जेसीबी की मदद से 05 खोखों को तोड़ तोड़ा गया और 06 दुकानों का सामान भी जब्त कर लिया। इसके अलावा ब्रह्मपुरी क्षेत्र में 20 से अधिक दुकानों को हटाकर समान जब्त करने की कार्रवाई की गई। लोहे के ढांचे से बनी कई दुकानों को जब्त कर निगम परिसर में ले जाया गया। ब्रह्मपुरी क्षेत्र में कई लोगों ने सड़क किनारे कब्जा कर रखा था, जिससे आवाजाही प्रभावित हो रही थी। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर स्थानीय लोगों ने हल्का विरोध भी किया, लेकिन निगम और पुलिस की मौजूदगी में अभियान जारी रहा। नगर निगम की टीम ने देर शाम तक लगातार कार्रवाई जारी रखी। अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।

सहायक नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया कि कुंभ, चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी, इसके लिए बड़ा प्लान बनाया गया है।

अभियान के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, अतिक्रमण सहायक आदित्य तेश्वर सहित नगर निगम की टीम एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

