हरिद्वार। फिल्म अभिनेता अनुपम खेर ने हरिद्वार के कनखल स्थित हरिहर आश्रम में अपना 70 वा जन्मदिन मनाया। इस दौरान उनके साथ फिल्म अभिनेता अनिल कपूर, माता दुलारी खेर, भाई राजू खेर, फिल्म अभिनेत्री शुभांगी और कई मित्र भी मौजूद रहे। जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी ने हरिहर आश्रम स्थित श्री पारदेश्वर महादेव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अनुपम खेर का रुद्राभिषेक कराया।
मीडिया से बातचीत के दौरान अनुपम खेर ने कहा कि प्रयागकुंभ में वो अवधेशानंद गिरी महाराज के शिविर में ठहरे थे। उस दौरान उन्होंने हरिहर आश्रम आने का निमंत्रण दिया था। अपने मित्रो को साथ लेकर उन्होंने सनातन तरीके से अपना जन्मदिन मनाया है। भगवान शिव का रुद्राभिषेक करके उन्होंने देश की प्रगति की कामना की है और गंगा के किनारे जो आशीर्वाद उन्हें मिला है, उससे बड़ा आशीर्वाद कुछ हो नहीं सकता।

अनुपम खेर ने बताया कि आने अली तनवी द ग्रेट फिल्म की शूटिंग उन्होंने उत्तराखंड में की है। इस फिल्म को बनाने के लिए यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और फिल्म विभाग का बड़ा सहयोग उन्हें मिला। 55 दिन तक लैंसडौन में रहकर फिल्म की शूटिंग की गई है। यहां का लोकल टेलेंट बहुत उभरा हुआ है। इसलिए उनका प्रयास रहेगा कि तनवी द ग्रेट फिल्म का सोशल प्रीमियर वो उत्तराखंड में ही करेंगे।

इसके साथ ही अनुपम खेर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की और कहा कि वो मोदी जी के भक्त और प्रशंसक है क्योंकि वो देश के बारे में सोचते हैं। भारत की आजादी के बाद उनका जन्म हुआ, वो और देश दोनों एक साथ बड़े हुए। इसलिए जो देश की बात करता है उसका सम्मान ही किया जाता है।

आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी ने अनुपम खेर को भारतीय संस्कृति का एंबेसेडर और संरक्षक बताया। उन्होंने कहा कि अनुपम खेर भारतीय सनातन संस्कृति, संस्कार और विचारों के पोषक हैं। इसलिए वो उन्हें जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते देते हैं और मंगलकामना करते हैं।

फिल्म अभिनेता अनिल कपूर ने बताया कि अनुपम खेर उनके चालीस साल पुराने मित्र, भाई और पारिवारिक सदस्य हैं। उन्होंने कई फिल्मों में एक साथ काम किया है। इसलिए हरिद्वार में उनका जन्मदिन मना कर आनंद की अनुभूति हो रही है।इस दौरान राजू खेर की पत्नी रीमा खेर, अनिल कपूर की पत्नी सुनीता खेर, मित्र सतीश मल्होत्रा, सीटू मल्होत्रा, विजय सहगल, अनीता सहगल और महामंडलेश्वर ललितानन्द गिरी मौजूद रहे।