हरिद्वार। हरिद्वार नगर निगम की टीम ने शनिवार को हरिलोक क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे लगी करीब 50 ठेली और फड़ को हटवा दिया। इस दौरान तीन ठेलियों को सामान समेत जब्त भी किया गया। निगम प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कार्रवाई होते देख कई ठेली संचालक अपना सामान समेटकर मौके से हट गए।
नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने वार्ड संख्या 60 स्थित सब्जी मंडी के पास सार्वजनिक सड़क पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। लंबे समय से सड़क पर ठेलियां लगने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था और जाम के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अभियान के दौरान निगम टीम ने सख्ती दिखाते हुए अवैध रूप से खड़ी ठेलियों को हटवाया और अतिक्रमण करने वालों को कड़ी चेतावनी दी। साथ ही क्षेत्र में मुनादी कराकर दोबारा अतिक्रमण न करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि शहर में अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि दोबारा सड़क पर ठेली लगाई गई तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील कुमार, अतिक्रमण प्रभारी आदित्य तेजेश्वर समेत नगर निगम की टीम और पुलिस बल मौजूद रहा।

