हरिद्वार। हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में सोमवार रात एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया जब वर और वधु पक्ष के बीच रिबन काटने की रस्म के दौरान कहासुनी शुरू हो गई। मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में 20 से अधिक लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि मारपीट के बाद शादी भी टूट गई और दुल्हन पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया तो वर पक्ष बारात लेकर वापस लौट गया।
बारात मुरादाबाद से बहादराबाद क्षेत्र के एक गांव में आई थी। बारातियों के ठहरने की व्यवस्था एक स्थानीय होटल में की गई थी। घुड़चड़ी के बाद रिबन काटने की रस्म के दौरान लड़के पक्ष की ओर से लड़कियों पर की गई छींटाकशी से विवाद शुरू हुआ। लड़की पक्ष ने इसका विरोध किया तो कहासुनी शुरू हो गई जो जल्दी ही मारपीट में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला किया। मौके पर अफरातफरी मच गई। इस झड़प में लड़की पक्ष के करीब 12 और लड़का पक्ष के 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। कई लोगों को सिर और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। विवाद इतना बढ़ गया कि होटल में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। आरोप है कि वर पक्ष द्वारा होटल का फर्नीचर और डेकोरेशन का सामान बर्बाद कर दिया गया। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस भी मौके पर पहुंची और झगड़े को शांत कराया। बताया जा रहा है कि वधू पक्ष ने इस घटना से नाराज होकर शादी करने को इनकार कर दिया और बारात वापस लौट गई।