हरिद्वार, संवाददाता। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को सड़क हादसे में एक सिडकुल कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि इस हादसे में एक अन्य युवक घायल हो गया। हादसा सुबह के वक्त हुआ जब दो बाइक सवारों के बीच आमने सामने की टक्कर हो गई। भेल सेक्टर-4 स्थित पीएनबी बैंक के पास ये हादसा हुआ था। हादसे में घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अंकित कुमार नाम के युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
रानीपुर कोतवाली में तैनात एसएसआई नितिन चौहान ने बताया कि सोमवार सुबह एक्सीडेंट की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रानीपुर चेतक टीम ने देखा कि दो बाइकों की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल पड़े हैं। घायल राजेश पुत्र साधुराम, निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी, गली नंबर-4, रानीपुर को उसके भाई प्रवेश ने मेला अस्पताल भिजवाया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं दूसरे घायल अंकित कुमार उम्र 25 पुत्र रणवीर सिंह, निवासी लेबर कॉलोनी, भेल सेक्टर-5 को चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि अंकित कुमार सिडकुल कर्मचारी हैं। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

