हरिद्वार, संवाददाता। जिले में बढ़ती ठंड और शीतलहर के बीच जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के लिए एकम्स हेल्थ एंड एजुकेशन सोसाइटी आगे आई है। संस्था की ओर से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को जरूरतमंदों के लिए कंबलों का लॉट सौंपा गया। यह कंबल प्रशासन द्वारा चिन्हित असहाय, बेघर और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाए जाएंगे।

एकम्स की ओर से अर्चना जैन ने जिलाधिकारी से व्यक्तिगत भेंट कर कंबल सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जिलाधिकारी को भेंट स्वरूप एक पौधा भी प्रदान किया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने एकम्स के इस सामाजिक सरोकार की सराहना करते हुए कहा कि शीतलहर के प्रकोप के दौरान ऐसे प्रयास जरूरतमंदों के लिए संजीवनी साबित होते हैं।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, पुलों के नीचे और खुले स्थानों पर रहने को मजबूर लोगों को चिन्हित कर राहत सामग्री उपलब्ध करा रहा है। एकम्स द्वारा दिए गए कंबल इस अभियान को और मजबूती देंगे।

गौरतलब है कि एकम्स हेल्थ एंड एजुकेशन सोसाइटी हर वर्ष अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत गरीबों, असहायों, वंचितों और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करती रही है। संस्था का उद्देश्य कड़ाके की ठंड में सड़कों पर जीवन बिता रहे लोगों को राहत पहुंचाना है। जिलाधिकारी ने अन्य सामाजिक संस्थाओं से भी आगे आने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही शीतलहर से प्रभावित गरीबों और बेसहारा लोगों को व्यापक राहत दी जा सकती है।

