हरिद्वार, 16 फरवरी। कांवड़ मेले के सफल समापन के बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर निगम ने शहर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य मेले के दौरान एकत्र हुए कचरे का त्वरित निस्तारण कर शहर को पुनः स्वच्छ, सुव्यवस्थित और पर्यावरणीय रूप से सुरक्षित बनाना रहा। इस अभियान में शांतिकुंज और पतंजलि सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई, जिससे जनसहभागिता की प्रभावी मिसाल देखने को मिली।

चमगादड़ टापू क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाते हुए करीब 200 स्वयंसेवकों ने श्रमदान किया और कांवड़ यात्रियों द्वारा छोड़े गए अपशिष्ट को हटाया। इस क्षेत्र से लगभग आठ टन कचरा एकत्र कर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण के लिए भेजा गया। वहीं रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में विद्यार्थियों और सफाई टीमों की संयुक्त कार्रवाई से करीब चार टन कचरा हटाया गया। युवाओं की भागीदारी ने स्वच्छता के प्रति बढ़ती जागरूकता को भी रेखांकित किया।

नगर निगम के यूएनओ दीपक गोस्वामी अनुसार शारदीय कांवड़ मेले के दौरान बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के कारण नगर निगम क्षेत्र में 200 से अधिक ट्रैक्टर कूड़ा एकत्र हुआ। इतनी बड़ी मात्रा के बावजूद 150 सफाई कर्मियों की विशेष टीम ने दिन-रात कार्य करते हुए प्रमुख घाटों पर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखी। रात्रि पाली में भी संवेदनशील स्थलों पर सफाई और निगरानी जारी रही, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सका।

सुभाष घाट, नई घाट, सीसीआर घाट, शिव घाट, विष्णु घाट, जयराम घाट और चमगादड़ घाट सहित प्रमुख स्थलों पर कम्पोस्टेबल गार्बेज बैग के माध्यम से नियमित कूड़ा संग्रहण किया गया। मेले से पूर्व अग्रिम सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी, जबकि मेले के समापन के तुरंत बाद व्यापक अभियान चलाकर शेष कचरे का निस्तारण तेज किया गया। नगर निगम ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर चंडी घाट क्षेत्र में भी सफाई अभियान चलाकर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।

अधिकांश घाटों की सफाई पूरी की जा चुकी है और शेष स्थानों पर अंतिम चरण का कार्य जारी है। नगर निगम का कहना है कि सुनियोजित प्रबंधन, प्रभावी मानव संसाधन तैनाती और जनसहभागिता के सहयोग से स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा गया। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य के बड़े आयोजनों में भी इसी मॉडल के आधार पर स्वच्छता प्रबंधन को और बेहतर बनाया जाएगा।

