हरिद्वार। कांग्रेस ने शिवालिक नगर से महेश प्रताप राणा को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। रविवार को उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और कहा कि पिछले पांच सालों में शिवालिक नगर में जमकर भ्रष्टाचार हुआ। भाजपा सरकार के राज में भ्रष्टाचार का अड्डा बन रही। इन्हीं भ्रष्टाचारों को मुद्दा बनाकर वो चुनाव मैदान में उतरे हैं। साथ ही कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से जनता त्रस्त है और जनता ने इस बार बदलाव का मन बना लिया है।
इसके साथ ही महेश प्रताप राणा ने कहा कि भाजपा का चेयरमैन होते हुए भी शिवालिक नगर पालिका में सिवाय भ्रष्टाचार के कोई विकास कार्य नहीं हुए। बल्कि विकास की दृष्टि से यह पालिका पांच साल आगे जाने की बजाय पीछे चली गई है।

उन्होंने टिकट देने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और जिले के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस बार भी टिकट महेश प्रताप राणा का नहीं बल्कि जनता का टिकट हुआ है। शिवालिक नगर पालिका क्षेत्र के विकास के लिए वो सबको साथ लेकर मजबूती से चुनाव लड़ेंगे और जीत भी दर्ज करेंगे।

गौरतलब है कि महेश प्रताप राणा आज सोमवार को रोशनाबाद मुख्यालय में अपना नामांकन दाखिल करेंगे।