अनिल शर्मा, लालढांग।
हरिद्वार। ग्राम पंचायत रसूलपुर मीठी बेरी में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी जन मन योजना के अंतर्गत पात्र व्यक्तियों को पीएम आवास का लाभ दिलाने के लिए भौतिक सत्यापन किया गया। सोमवार को खंड विकास अधिकारी मानस मित्तल, सहायक खंड विकास अधिकारी अरुण भट्ट और ग्राम विकास अधिकारी शैलेश कुमार ने टीम के साथ घर-घर जाकर स्थिति का जायजा लिया।
ग्राम पंचायत द्वारा लगातार अनुरोध किया जा रहा था कि योजना से वंचित वास्तविक लाभार्थियों को भी आवास की सुविधा मिले। इसी क्रम में अधिकारियों ने प्रत्येक परिवार से संवाद कर जानकारी जुटाई और पात्र लोगों का सत्यापन सुनिश्चित किया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान कमलेश द्विवेदी और जिला पंचायत सदस्य बृजमोहन पोखरियाल भी मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से गांव के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को छत नसीब होगी। ग्रामीणों ने भी इस कार्रवाई का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि सरकार की योजना का लाभ अब सही पात्र लोगों तक पहुंचेगा।

