हरिद्वार, संवाददाता। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के फ्लाईओवर पर एक दिन पहले हुए सनसनीखेज गोलीकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पेशी पर ले जाए जा रहे बदमाश विनय त्यागी पर फायरिंग कर फरार हुए दोनों आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार शाम खानपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी यादव उर्फ शेरा और अजय के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए हैं। बता कि घायल विनय त्यागी का अस्पताल में इलाज जारी है।
एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपी हार्डकोर अपराधी निकले हैं, जिनके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सन्नी उर्फ शेरा पूर्व में जेल जा चुका है। पूछताछ में सामने आया कि सन्नी पहले विनय त्यागी की गैंग में काम करता था। बाद में रुपयों को लेकर दोनों के बीच दुश्मनी हो गई। सन्नी की विनय त्यागी से पुरानी रंजिश थी और इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथी अजय के साथ मिलकर जानलेवा हमला किया। दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई थीं, जबकि तीन प्लाटून पीएसी भी तैनात की गई थी। घटना के बाद दोनों आरोपी बाइक छोड़कर पैदल फरार हो गए थे, जिससे पुलिस को आशंका थी कि वे आसपास ही छिपे हैं। इसी आधार पर इलाके में जाल बिछाया गया और दोनों बदमाशों को खानपुर के आसपास ही दबोच लिया गया। उन्होंने बताया कि विनय त्यागी पर फायरिंग के पीछे के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। हर पहलू पर जांच की जा रही है। यदि वारदात को अंजाम देने में बदमाशों की किसी ने मदद, की है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लापरवाही पर दरोगा व दो सिपाही निलंबित
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि विनय त्यागी को पेशी पर ले जाते समय पुलिस की लापरवाही सामने आई है। जांच के बाद एक दरोगा और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, मौके पर सूझबूझ दिखाते हुए घायल विनय की जान बचाने और उसे समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले एक चालक और एक सिपाही के कार्य की सराहना की गई है। दोनों के लिए इनाम की घोषणा की गई है।

