हरिद्वार, संवाददाता। कोतवाली लक्सर क्षेत्र में पांच दिनों से लापता युवक सन्नी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्या के आरोप में मृतक के ही दोस्त रोहित उर्फ बालू को गिरफ्तार किया गया है। कप्तान प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देशन में हरिद्वार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड से पर्दा उठाया है।
रसूलपुर उर्फ कंकरखाता निवासी करीब 20 वर्षीय सन्नी बीते दिनों घर से दोस्तों के साथ जाने के बाद वापस नहीं लौटा था। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली लक्सर में युवक की गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचनाओं और आपसी संबंधों के आधार पर मृतक के दोस्त रोहित उर्फ बालू की भूमिका को संदिग्ध पाया।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि आपसी विवाद के दौरान उसने सन्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया। इसके बाद वह घर लौट आया और गांव वालों तथा दोस्तों के साथ मिलकर सन्नी को ढूंढने का नाटक करता रहा, ताकि किसी को शक न हो। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गन्ने के खेत से सन्नी का शव बरामद किया। शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

ऐसे हुआ विवाद, बनी हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार घटना से कुछ दिन पहले सन्नी अपने दोस्तों रोहित और राजा के साथ सुल्तानपुर गया था, जहां रोहित ने सन्नी के पहचान पत्र और कुछ नकदी के सहारे किश्तों में एक नया मोबाइल फोन खरीदा। इसके बाद दोस्तों के साथ शराब पी गई। बाद में सन्नी और रोहित अलग होकर जंगल की ओर चले गए, जहां शराब के नशे में नए मोबाइल फोन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि रोहित ने गुस्से में सन्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और फरार हो गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय जानकारी और लगातार पूछताछ के आधार पर मामले का सफल खुलासा किया।
इस पूरे मामले के खुलासे में गठित पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण, वरिष्ठ उपनिरीक्षक लोकपाल परमार, उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल रविन्द्र नागर, कांस्टेबल अजीत तोमर, अमित रावत, महेन्द्र सिंह, राजेन्द्र सिंह बिष्ट एवं संजय पंवार शामिल रहे।

