हरिद्वार, संवाददाता। जनपद में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। जिला कार्यालय परिसर एवं कैम्प कार्यालय में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए राष्ट्र निर्माण में सहभागिता निभाने का संदेश दिया। ध्वजारोहण के उपरांत जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे सशक्त, व्यापक और लचीला संविधान है, जो समयानुकूल समाज की आवश्यकताओं को समाहित करता है। संविधान ने समाज से कुरीतियों और अस्पृश्यता को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार व सम्मान प्रदान किया है।

डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि जनपद एवं प्रदेश की उन्नति और प्रगति के लिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को निष्ठा व ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा, तभी विकास के लक्ष्यों को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सकेगा।
उन्होंने जनपद में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को और अधिक गति देने पर बल देते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों से सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा की। साथ ही जनपदवासियों से भी अभियान में सहयोग की अपील की, ताकि हरिद्वार को एक स्वच्छ एवं सुंदर जनपद के रूप में विकसित किया जा सके।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पी. आर. चौहान ने कहा कि राज्य और जनपद को खुशहाल बनाने के लिए सभी को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए, जिससे विकास निरंतर आगे बढ़ सके। समारोह में आनंदमयी सेवा सदन की छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय गान एवं देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। जिलाधिकारी ने छात्राओं को सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपेन्द्र सिंह नेगी, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, मुख्य वैयक्तिक अधिकारी सुदेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

उधर, विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा तथा नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने भी ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस समारोह मनाया।

