लक्सर। लक्सर नगर पालिका के आदर्श कॉलोनी स्थित वार्ड नंबर छह में बनाए गए देवभूमि रजत जयंती पार्क के शिलापट्ट पर अपना नाम नहीं होने से भाजपा सभासद हर्ष पाल ने विरोध जताया है। सभासद का कहना है कि पार्क के लिए भूमि का सुझाव उनके द्वारा दिया गया था और उनके प्रस्ताव के आधार पर ही नगर पालिका की ओर से पार्क बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। इसके बावजूद शिलापट्ट पर उनका नाम नहीं लिखा गया है।
सभासद हर्ष पाल ने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी के सभासद होने के साथ ही पार्टी के सक्रिय सदस्य भी हैं। उन्होंने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष संजीव कुमार से वार्ता के दौरान उन्होंने अपने वार्ड में पार्क के लिए भूमि का सुझाव दिया था। इसके बाद उक्त भूमि पर देवभूमि रजत जयंती पार्क बनाने का प्रस्ताव उत्तराखंड शासन को भेजा गया था। पार्क का निर्माण होने के बाद अब शिलापट्ट लगाया गया है, लेकिन उसमें उनका नाम नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भाजपा के ही निर्वाचित सभासद की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि पार्क नगर पालिका के प्रस्ताव पर बनाया गया है, इसलिए शिलापट्ट पर उनका नाम होना चाहिए था। उन्होंने विधायक शहजाद का नाम शिलापट्ट पर होने पर भी आपत्ति जताई है।
सभासद ने कहा कि वह इस मामले को लेकर चुप नहीं बैठेंगे। यदि उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ धरना देने के साथ ही उत्तराखंड शासन में शिकायत भी करेंगे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनके द्वारा जो भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, उसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को देवभूमि रजत जयंती पार्क का वर्चुअल अवलोकन करेंगे। सभासद हर्ष पाल ने पार्क के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि लक्सर नगरवासियों की ओर से वह मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि पार्क बनने से क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिलेगी, लेकिन शिलापट्ट पर नाम को लेकर उपेक्षा स्वीकार नहीं की जाएगी।

