रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 20 साल पहले तीन बच्चों से शुरू हुआ क्लब आज 180 बच्चों और युवाओं तक पहुंचा
हरिद्वार, संवाददाता। कनखल स्थित रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम में अंतरराष्ट्रीय मधुमेह दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मधुमेह से पीड़ित बच्चों और युवाओं को आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने तथा अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने चित्रकला प्रदर्शनी और संगोष्ठी का शुभारंभ करते हुए रामकृष्ण मिशन की पहल को सराहनीय बताया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जीवन का लक्ष्य बेहतर कार्य करना और समाज के लिए उपयोगी बनना होना चाहिए। किसी व्यक्ति को जीवन जीने की कला सिखाना और उसे राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करना पुण्य का कार्य है। रामकृष्ण मिशन बचपन से मधुमेह से पीड़ित बच्चों में आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का काम कर रहा है। यह सराहनीय पहल है। जिला प्रशासन भी इस कार्य में सहयोग करने का प्रयास करेगा।
रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम के सचिव डॉ. स्वामी दयामूर्त्यानंद महाराज ने बताया कि करीब 20 वर्ष पहले मधुमेह से पीड़ित तीन बच्चों के साथ इस क्लब की शुरुआत की गई थी। उद्देश्य बच्चों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित करना था। आज क्लब से करीब 180 बच्चे और युवा जुड़ चुके हैं। मिशन के चिकित्सक नियमित रूप से उनका मार्गदर्शन करते हैं।
कार्यक्रम में पांच वर्ष से लेकर 25 वर्ष तक की आयु के बच्चों और युवाओं ने प्रतिभाग किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस तरह मधुमेह के बावजूद वे सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खेलकूद गतिविधियों में भी उत्साह दिखाया। उन्होंने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से संदेश दिया कि मधुमेह उनके सपनों और सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकता।
रामकृष्ण मिशन राजकोट से आए स्वामी निखिलेश्वरानंद महाराज ने भेड़ और शेरनी की प्रेरक कहानी सुनाकर बच्चों को अपनी वास्तविक क्षमता पहचानने और आत्मबल के साथ आगे बढ़ने की सीख दी।
इस दौरान 25 वर्षीय एडवोकेट और नेशनल बॉडीबिल्डर हितार्थ प्रिंस ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि पांच-छह वर्ष की उम्र में जब वह रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम आए थे, तब मधुमेह के कारण काफी निराश रहते थे। मिशन के स्वामीजी और चिकित्सकों के मार्गदर्शन ने उन्हें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास दिया। आज वह अपनी बीमारी के बावजूद वकालत और बॉडीबिल्डिंग के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहे हैं।
कार्यक्रम में डॉ. स्वामी दयामूर्त्यानंद महाराज ने जिलाधिकारी को स्मृति चिह्न, स्वामी विवेकानंद से संबंधित पुस्तकें और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। संचालन मधुमेह से पीड़ित युवा मयंक ने किया। इस अवसर पर स्वामी निखिलेश्वरानंद महाराज, जगदीश महाराज, महंत गुरमीत सिंह महाराज, स्वामी नित्यानंद महाराज, डॉ. समरजीत चौधरी, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. रश्मि, डॉ. कुलदीप सिंह, डॉ. अश्विनी अनेजा, डॉ. विधु शेखर पालीवाल, मिनी यौनोहन, डॉ. राधिका नागरथ, रविंद्र नारंग, अमरजीत सचदेवा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
n

