हरिद्वार, संवाददाता। कनखल इंद्रा बस्ती में श्रीयंत्र मंदिर के पास एक नाबालिक बच्चे का शव मिलने से सनसनी मच गई। मृतक की पहचान 15 वर्षीय कुणाल सैनी पुत्र रोहताश सैनी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि बच्चे के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया जा रहा है और कुणाल के दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक रोहताश सैनी मूलरूप से लक्सर के रहने वाले हैं और पिछले कई सालों से वो कनखल की इंद्रा बस्ती में रह रहे थे। दो दिन पहले उनका 15 वर्षीय बेटा कुणाल सैनी घर से टहलने के लिए निकला था और परिजनों को बताया कि वो थोड़ी देर में वापस आ जाएगा। रात तक घर नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए। परिजनों आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की लेकिन उसका कोई पता नहीं लगा। जब कहीं कुछ पता नहीं चल पाया तो उन्होंने कनखल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने भी बच्चे की खोजबीन में जुटी थी। बीते शनिवार शाम को घर से थोड़ी ही दूरी पर श्रीयंत्र मंदिर के पास झाड़ियों में कुणाल का शव पाया गया। शव मिलने की सूचना पर क्षेत्र ने सनसनी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल और एसपी सिटी अभय सिंह भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। वहीं शव को देखकर परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि मृतक की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता चल पाएगी। गहनता से मामले की जांच जारी है, जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

