हरिद्वार। धनौरी क्षेत्र में कॉलेज पढ़ने जा रही एक विवाहिता को चार युवतियों ने कथित तौर पर घेरकर मारपीट कर दी। आरोप है कि युवतियों ने बीच सड़क पर विवाहिता को जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़िता ने धनौरी पुलिस चौकी में तहरीर देकर आरोपित युवतियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दौलतपुर निवासी हिमांशी गिरी पत्नी चंद्रमोहन धनौरी स्थित एक कॉलेज में पढ़ाई करती है। पीड़िता के अनुसार वह कॉलेज से संबंधित फाइल तैयार कराने के लिए कुछ कागजों की फोटोस्टेट कराने बाजार गई थी। आरोप है कि इसी दौरान कॉलेज के पास पहले से मौजूद चार युवतियों ने उसे घेर लिया। इनमें दो युवतियां दौलतपुर, एक जसवावाला और एक धनौरी गांव की बताई गई है।
आरोप है कि चारों युवतियों ने विवाहिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। अकेली विवाहिता के साथ मारपीट होती देख आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसे युवतियों से छुड़ाया। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के बाद जाते समय युवतियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद पीड़िता ने धनौरी पुलिस चौकी पहुंचकर तहरीर दी और आरोपित युवतियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विवाहिता का कहना है कि उसे आरोपित युवतियों से जान का खतरा है और वह अपनी पढ़ाई को लेकर भी चिंतित है। उसने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि वह बिना किसी भय के कॉलेज जा सके।
सीओ बहादराबाद देवव्रत जोशी ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

