हरिद्वार। ऊर्जा निगम और विजिलेंस देहरादून की संयुक्त टीम ने जगजीतपुर क्षेत्र के तीन गांव में बुधवार को बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी की कार्रवाई की। अभियान के तहत छापेमारी से क्षेत्र के लोगों में अफरा तफरी मच गई। इस दौरान टीम को 18 घरों में विद्युत लाइन में कटिया डाल कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग होता मिला। बिजली चोरी में पकड़े गए सभी 18 आरोपियों के खिलाफ ऊर्जा निगम ने भारतीय विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
बुधवार को मुख्य अभियंता मोहित जोशी के निर्देश पर एसडीओ अमित तोमर ने संयुक्त टीम के साथ सबडिविजन जगजीतपुर के ग्राम गाड़ोवाली, बहादरपुर जट्ट और इक्कड़ में विद्युत चोरी और बकाया राजस्व वसूली के लिए छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान बड़े स्तर पर घरेलू परिसरों की जांच की गई। जांच में 18 उपभोक्ता बिजली चोरी करते मिले। मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए टीम ने सभी 18 आरोपियों के खिलाफ जुर्माना की प्रक्रिया शुरू कर दी। साथ ही संबंधित थाने में 18 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। वहीं टीम ने अभियान के दौरान 10 बकायादारों के बिजली कनेक्शन काट दिया। इस दौरान पांच लाख रुपये के बकाया राजस्व की वसूली भी की गई। ईई रवि कुमार ने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
अभियान में जेई प्रीति जिंटा, सुमित त्यागी, वरुण पंवार, विजिलेंस टीम के एसडीओ धनंजय सिंह, विकास सिंह, विजिलेंस अधिकारी अनिल कुमार, जेई अनीता काला, निरीक्षक मारुत शाह, संजीव त्यागी, सरिता शाह समेत ऊर्जा निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

