हरिद्वार। लक्सर कोतवाली क्षेत्र में भाजपा नेता को तहसील ले जाने के बहाने कार में बैठाकर मारपीट करने और सोने की चेन व करीब 15 हजार रुपये की नकदी छीनने का मामला सामने आया है। हरिद्वार जिले में भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला महामंत्री सतवीर सिंह ने लक्सर चौकी पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सतवीर सिंह के अनुसार, बीते बुधवार को पिपली गांव निवासी परविंदर सैनी और उसके दो अन्य साथियों ने उन्हें अपने गांव बुलाया था। वह अपनी मोटरसाइकिल से अकेले वहां पहुंचे। आरोप है कि जमीन के सौदे को लेकर बातचीत करने के बाद तीनों ने उन्हें तहसील चलने के लिए कहा। जब उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल से आने की बात कही तो आरोपियों ने उन्हें कार में बैठने के लिए कहा। सतवीर सिंह का आरोप है कि कार में बैठने के बाद आरोपियों ने किसी कपड़े से फंदा लगाकर गला घोंटने का प्रयास किया। किसी तरह उन्होंने कार का दरवाजा खोला और शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उन्हें कार से नीचे धक्का दे दिया और मौके से फरार हो गए। इस दौरान उनके गले में पड़ी सोने की चेन और करीब 15 हजार रुपए की नकदी भी आरोपी लूटकर फरार हो गए।

मीडिया से बातचीत के दौरान सतवीर सिंह ने बताया कि वो भाजपा में पदाधिकारी हैं और उन्हें मेडिकल की स्लिप नहीं दी गई। गले में फंदा डालने से साँस लेने में तकलीफ हो रही है। उन्होंने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।उधर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और जांच के उपरांत कार्रवाई की बात कह रही है।

