देहरादून/हरिद्वार। विश्व की सबसे विशाल धार्मिक आयोजन कांवड़ मेले के सकुशल संपन्न होने पर हरिद्वार भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर उन्हें बधाई दी और अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया। प्रतिनिधिमंडल ने मेला प्रबंधन की तारीफ करते हुए इसे सरकार की कुशल रणनीति और समन्वित प्रयासों का परिणाम बताया।प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व शिवालिक नगर पालिकाध्यक्ष राजीव शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने किया। दोनों ने मुख्यमंत्री धामी को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ के बावजूद कानून व्यवस्था, यातायात, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाएं बेहतरीन तरीके से संचालित रहीं, जिससे देशभर से आए शिवभक्तों में संतोष और श्रद्धा बनी रही।
राजीव शर्मा ने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस ने जिस प्रकार समन्वय बनाकर कांवड़ मेला को बिना किसी बड़ी घटना के संपन्न कराया वह प्रशंसनीय है। यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं था बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और प्रशासनिक क्षमता का प्रतीक बन गया है। मेला के सफल आयोजन से प्रदेश की छवि पूरे देश-दुनिया में और निखरी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने भी मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि शासन-प्रशासन की तत्परता और जनसेवा की भावना से ही यह विराट आयोजन पूरी तरह निर्विघ्न संपन्न हो सका। शिवभक्तों की सेवा में सरकार का यह समर्पण आमजन के विश्वास को और मजबूत करता है।
इस मौके पर राज्य मंत्री सुनील सैनी सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य के धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बेहतर कार्य कर रहे हैं। निश्चित रूप से आगमी कुंभ मेले का आयोजन भी ऐतिहासिक होगा।
भाजपा जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष विक्रम भुल्लर सहित कई भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री धामी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह के बड़े धार्मिक आयोजनों को इसी कुशलता से संपन्न कर प्रदेश की गरिमा को नई ऊंचाई दी जाएगी।