देहरादून। उत्तराखंड की महिलाओं को करवाचौथ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार ने शुक्रवार को करवाचौथ के अवसर पर महिला कर्मचारियों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। सचिव विनोद कुमार सुमन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और शासकीय प्रतिष्ठानों में महिला कर्मियों के लिए एक दिन का अवकाश रहेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि करवाचौथ भारतीय संस्कृति और परिवारिक मूल्यों का प्रतीक है, जहां महिलाएं अपने परिवार की खुशहाली और पति की लंबी आयु के लिए व्रत रखती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के समर्पण और त्याग को सम्मान देने के उद्देश्य से सरकार ने यह निर्णय लिया है।
करवाचौथ पर सरकार के इस फैसले से प्रदेशभर की महिला कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। कई महिला संगठनों ने मुख्यमंत्री धामी का आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय महिलाओं के पारंपरिक उत्सवों के सम्मान और संवेदनशील शासन की पहचान है। राज्यभर के स्कूल-कॉलेजों और दफ्तरों में कार्यरत महिला कर्मियों को अब शुक्रवार को करवाचौथ का व्रत पूरे विधि-विधान और पारिवारिक माहौल में मनाने का अवसर मिलेगा।

