हरिद्वार,21 अक्टूबर। हरिद्वार में भारत पेट्रोलियम के टैंकर से तेल चोरी के रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। डीएम के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर मनीष सिंह ने छापेमारी करते हुए बीपीसीएल के दो टैंकरों से तेल चोरी करते रंगे हाथ ड्राइवर और क्लीनर को पकड़ा है।
हरिद्वार के डीएम को नजीबाबाद-हरिद्वार हाईवे पर चिड़ियापुर में टैंकर से तेल चोरी किए जाने की शिकायत मिली थी। डिप्टी कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि उनके छापेमारी के दौरान यहां करीब आधा दर्जन लोग मौजूद थे।

ड्राइवर और क्लीनर के साथ साठ-गांठ कर तेल चोरी का ये खेल लंबे समय से चल रहा था। तेल के ये टैंकर नजीबाबाद डिपो से लंढौरा स्थित डिपो के लिए रोजाना रवाना होते हैं।

गौरतलब है कि टैंकरों से तेल चोरी का ये खेल बहुत पुराना है। इससे पहले भी हरिद्वार के लंढौरा में इस तरह के कई गिरोह पकड़े गए हैं। कई बार तेल चोरी के वीडियो सामने आए हैं। केवल ड्राइवर, क्लीनर ही शामिल नहीं हैं बल्कि कई बड़े माफिया इस गोरख धंधे में शामिल हैं।

“डिप्टी कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि मुखबिर द्वारा जिलाधिकारी को दी गई सूचना पर चिड़ियापुर के पास निर्माणाधीन अंडरपास के बगल में वन क्षेत्र के समीप BPCL के टैंकर से तेल चोरी करते हुए पकड़ा गया है। ये तेल चोरी का धंधा पिछले कई वर्षों से चल रहा था। प्रत्येक दिन नजीबाबाद से निकलकर लालढांग को जाते समय तेल की चोरी की जाती थी। मौके से 6 मोटरसाइकिल, ड्रम और तेल चोरी करने के अन्य कई समान बरामद हुए हैं।“

