लक्सर, हरिद्वार। लक्सर रुड़की रोड स्थित हुसैनपुर मंदिर के पास बुधवार को हुए सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और शवों को भी कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक बीती दिनांक 04 दिसंबर को डायल 112 पर सूचना मिली कि हुसैनपुर मंदिर के पास ट्रैक्टर ट्रॉली व बाइक की टक्कर हो गई है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पाया कि ट्रैक्टर का चालक नवीन (22 वर्ष), निवासी पीपली गांव, ट्रैक्टर का टायर टूटने से उसके नीचे दब गया था। वहीं पास ही बाइक सवार मेहताब (25 वर्ष), पुत्र हाकम, निवासी ग्राम जैनपुर, मतलूबपुर, गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा था।पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को निकालकर एंबुलेंस से रुड़की अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर थाने भिजवाया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।
लक्सर कोतवाली प्रभारी राजीव रौथान ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

