हरिद्वार, संवाददाता। उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट का आज निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। आज शाम को उन्होंने अपने हरिद्वार के शिव लोक आवास पर अंतिम सांस ली।बता दें कि दिवाकर भट्ट उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अग्रणी कार्यकर्ताओं में रहे हैं। उत्तराखंड क्रांति दल के संस्थापकों में से एक नेता थे। उन्होंने लंबे समय तक इसी दल के सदस्य रहकर राज्य स्थापना आंदोलन का नेतृत्व किया। उत्तराखंड राज्य निर्माण की लड़ाई में दिवाकर भट्ट ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, इसलिए उन्हें फील्ड मार्शल भी कहा जाता है। इसके अलावा दिवाकर विधायक भी रहे हैं। पूर्व में मंत्री भी रह चुके हैं। उनके निधन के बाद समर्थकों में शोक में लहर दौड़ गई। धीरे धीरे उनके घर पर लोगों की भीड़ जमा होने शुरू हो गई है। दिवंगत दिवाकर भट्ट के बेटे ललित भट्ट ने उनके देहांत की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार दिवाकर भट्ट की तबीयत लंबे समय से खराब चल रही थी। हालत बिगड़ने पर उन्हें देहरादून ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने इलाज के लिए असमर्थता जताई। परिजनों के अनुसार डॉक्टरों द्वारा मना किए जाने के बाद लगभग तीन घंटे पहले ही उन्हें देहरादून से हरिद्वार लाया गया था, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ और उन्होंने अंतिम सांस ली। दिवाकर भट्ट उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रमुख नेताओं में रहे हैं और उत्तराखंड क्रांति दल के प्रमुख चेहरे के रूप में उनकी अलग पहचान थी। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
विजुअल्स

