हरिद्वार, संवाददाता। पथरी थाना क्षेत्र के अलावलपुर गांव स्थित मदरसे में पढ़ने वाले चार छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। एक ही मदरसे से चार छात्र लापता होने से हड़कंप मच गया है। लापता होने वाले चारों छात्रों की आयु 13 से 16 वर्ष के बीच हैं। मदरसे के इमाम द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। छात्रों के लापता होने की सूचना मिलते ही पथरी थाना पुलिस ने चारों की तलाश शुरू कर दी है।
अलावलपुर गांव के मदरसे में सैकड़ों बच्चे पढ़ते हैं। मंगलवार को चार छात्र अचानक लापता हो गए। चारों छात्र मदरसे में रहकर हाफिज की पढ़ाई कर रहे हैं और अचानक लापता हो गए। लापता हुए छात्रों में एक की आयु 13 साल, एक की 16 साल और दो बच्चों की आयु 15 साल हैं। लापता छात्रों में तीन छात्र हरिद्वार जिले के और एक गुजरात का रहने वाला है। हरिद्वार जिले के तीनों छात्रों में दो का घर पथरी और एक का घर बहादराबाद क्षेत्र में है। तीनों के पिता गांव में ही मजदूरी का कार्य करते हैं। जैसे ही छात्रों के लापता होने की सूचना मिली, उनके परिजनों में भी हड़कंप मच गया। पहले तो मदरसा प्रशासन की ओर से छात्रों को खोजने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद मदरसे के इमाम के द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पथरी थाना पुलिस बच्चों की खोजबीन में जुट गई। उनकी बरामदगी के लिए एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल द्वारा कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि दो बच्चे पथरी से दस किलोमीटर दूर एथल रेलवे स्टेशन पर नजर आए थे। बताया जा रहा है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी दोनों बच्चे दिखाई दिए हैं और उन्हें ट्रेन पकड़ते देखा गया है।
पथरी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि बच्चों की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गईं हैं। दो बच्चों को एथल रेलवे स्टेशन पर देखा गया है। सभी की गहनता से तलाश की जा रही हैं। जल्द ही चारों बच्चों को सकुशल बरामद कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

