गणेश गोदियाल बने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, प्रीतम सिंह और हरक सिंह को भी मिली अहम जिम्मेदारी
देहरादून/हरिद्वार, संवाददाता। कांग्रेस हाईकमान ने उत्तराखंड संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए गणेश गोदियाल को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को इसकी औपचारिक घोषणा करते हुए नियुक्ति आदेश जारी किए।
इसके साथ ही प्रीतम सिंह को प्रदेश प्रचार समिति का अध्यक्ष और डॉ. हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, निवर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा को कांग्रेस कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
गणेश गोदियाल इससे पहले भी जुलाई 2021 से अप्रैल 2022 तक प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभाल चुके हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, संगठन में यह फेरबदल आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देने के लिए किया गया है।
इधर, हरिद्वार जिले में भी संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा की गई। हरिद्वार महानगर कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में पुनः अमन गर्ग को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि फुरकान अंसारी को महानगर अध्यक्ष (महानगर स्तर) नियुक्त किया गया है।
पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई है कि नई टीम संगठन को मजबूत करते हुए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगी।

