देहरादून। भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड प्रदेश के नवनियुक्त मीडिया पदाधिकारियों ने सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही सभी पदाधिकारियों ने जन्मदिवस पर सभी मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दी और उनकी लंबी आयु की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नवनियुक्त मीडिया पदाधिकारियों का दायित्व है कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में सेतु का कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और यह दशक उत्तराखंड का है। इस संकल्प को धरातल पर उतारने का दायित्व सभी कार्यकर्ताओं का है। उन्होंने मिशन 2027 में पार्टी की विजय सुनिश्चित करने के लिए मीडिया विभाग को महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की आवश्यकता पर बल दिया।

नवनियुक्त प्रदेश मीडिया सह संयोजक विकास तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री एवं संगठन ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।

इस अवसर पर भाजपा के नवनियुक्त मुख्य प्रवक्ता सुरेश जोशी, मीडिया संयोजक नवनीत, मीडिया संयोजक आदित्य चौहान, मीडिया सह संयोजक विनय गोयल एवं राजेंद्र नेगी उपस्थित रहे।

