आशुभाषण में प्रथम, वाद-विवाद, समूह नृत्य और नाटक में हासिल किया दूसरा स्थान
हरिद्वार। उत्तराखंड संस्कृत संस्थान की ओर से आयोजित जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता-2026 में पतंजलि विश्वविद्यालय के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पुरस्कार अपने नाम किए। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के प्रतिभागियों ने आशुभाषण में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि वाद-विवाद, संस्कृत समूह नृत्य और संस्कृत नाटक में दूसरा स्थान हासिल किया।
विश्वविद्यालय की इस उपलब्धि पर शिक्षकों और विद्यार्थियों में उत्साह है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों और उन्हें मार्गदर्शन देने वाले शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
विश्वविद्यालय के अनुसार, यह सफलता योगगुरु स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के आशीर्वाद, प्रतिभागियों की मेहनत और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा के प्रति अपनी रुचि और प्रतिभा का परिचय दिया।
पतंजलि विश्वविद्यालय संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार, भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रतियोगिता में मिली यह उपलब्धि इसी दिशा में विश्वविद्यालय के प्रयासों को दर्शाती है।

