हरिद्वार, संवाददाता। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर में हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने नगर पालिका कार्यालय, शिवालिक नगर के दोनों व्यापार मंडल, श्रीराम कॉलोनी, नवोदय नगर सहित विभिन्न स्थानों पर तिरंगा ध्वज फहराया।

कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता बंधु, सभासद, नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी, व्यापार मंडल पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। भारत माता के जयघोष से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष राजीव शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की गरिमा का प्रतीक है। हमारा संविधान हमें समानता, न्याय और स्वतंत्रता का अधिकार देता है तथा राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों का बोध कराता है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए नगर, प्रदेश और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर शिवालिक नगर के निर्माण में सहयोग की अपील की।

