हरिद्वार, संवाददाता। जिले में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग ने निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के बड़े पैमाने पर किए हैं। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार 15 कोतवाली और थानों के प्रभारी बदले गए हैं। जबकि कुछ अधिकारियों को पुलिस कार्यालय व विशेष शाखाओं में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी को पुलिस लाइन से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लक्सर बनाया गया है, जबकि निरीक्षक राजीव रौथाण को कोतवाली लक्सर से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भगवानपुर भेजा गया है। राजीव रौथाण को करीब तीन साल बाद लक्सर से ट्रांसफर किया गया है।

इसके अलावा निरीक्षक मणि भूषण श्रीवास्तव को एसआईएस शाखा से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगनहर तथा निरीक्षक मनोहर भण्डारी को गंगनहर से हटाकर थाना श्यामपुर प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। निरीक्षक शांति कुमार को रानीपुर से ट्रांसफर करके एसआईएस शाखा प्रभारी बनाया गया। निरीक्षक मनीष उपाध्याय को रुड़की से हटाकर वाचक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय हरिद्वार नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में निरीक्षक प्रदीप बिष्ट को सीआईयू से हटाकर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की नियुक्त किया गया है। निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत को थाना कनखल थाना प्रभारी बनाया गया। श्यामपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक मनोज शर्मा को पुलिस कार्यालय रोशनाबाद भेजा गया है। निरीक्षक दिग्पाल कोहली को पीआरओ से हटाकर खानपुर थाना प्रभारी बनाया गया तथा उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र राठी खानपुर से हटाकर को एसआईएस शाखा में तैनाती दी गई है। निरीक्षक विजय सिंह को बहादराबाद का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है, जबकि यहां तैनात एसआई अंकुर शर्मा को बहादराबाद से हटाकर भगवानपुर थाने में वरिष्ठ उपनिरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई। उपनिरीक्षक मनोहर सिंह रावत को कनखल थाने से हटाकर एसआईएस शाखा और निरीक्षक आशुतोष राणा को फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन एंड क्राइम सेल से हटाकर कोतवाली रानीपुर प्रभारी नियुक्त किया गया है।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर अनुपालन रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस महकमे में हुए इन तबादलों को कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

