हरिद्वार, 29 अगस्त। मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अलर्ट को देखते हुए हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के सभी स्कूल-कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आवश्यकता पड़ने पर विद्यालय प्रबंधन ऑनलाइन कक्षाएं चला सकते हैं।
तीन घंटे का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार 29 अगस्त 2025 की सुबह 6:13 बजे से 9:08 बजे तक अगले तीन घंटे के भीतर हरिद्वार, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, उत्तरकाशी, चम्पावत, नैनीताल, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर जनपदों में अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। सूचना में कहा गया है कि सोनप्रयाग, केदारनाथ, श्रीनगर, जानकीचट्टी, लक्सर, रुड़की, भोगपुर, हल्द्वानी, खटीमा, सितारगंज और लोहाघाट समेत आसपास के क्षेत्रों में बिजली कड़कने, तेज तूफान और कहीं-कहीं बहुत तीव्र वर्षा के आसार हैं।
प्रशासन की अपील
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, नदी-नालों के किनारे जाने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन एवं पुलिस को सूचित करें। अतिवृष्टि के दृष्टिगत जनपद हरिद्वार के सभी विद्यालय आज बंद रहेंगे। साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। यदि किसी संस्थान द्वारा ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करनी हों तो की जा सकती हैं। भारी बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, मलबा गिरने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। साथ ही बिजली गिरने और तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। इसके साथ ही सभी जिलों में आपदा प्रबंधन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को सतर्क कर दिया गया है। नदियों के जलस्तर पर निगरानी रखी जा रही है और राहत-बचाव दलों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

