हरिद्वार, 18 फरवरी। हरिद्वार में अखंड परशुराम अखाड़े के नेतृत्व में सवर्ण समाज के लोगों ने यूजीसी से जुड़े नए प्रावधानों के विरोध में मशाल जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर और डासना पीठाधीश्वर यति नरसिम्हानंद गिरी समेत सैकड़ों लोगों ने हाथों में मशाल लेकर खन्ना नगर से लेकर ऋषिकुल मैदान तक जुलूस निकाला और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर कानून वापस लेने की मांग उठाई। साथ ही आगामी आठ मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित सभा में बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान भी किया।

जुलूस के दौरान यति नरसिंहानंद गिरी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियां हिंदू समाज को बांटने वाली हैं। यूजीसी से संबंधित नया कानून स्वर्ण समाज के हितों के विरुद्ध है और इससे सामाजिक विभाजन की स्थिति उत्पन्न होगी। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को एकजुट होकर इसका विरोध करना चाहिए।

श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया नया कानून सवर्ण समाज के बच्चों के भविष्य के लिए घातक है। इस कानून के नए नियमों को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज को जोड़ने की बात करने वाली सरकार ने स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भेदभाव की खाई पैदा कर दी है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट द्वारा इस पर लगाई गई रोक का स्वागत किया, लेकिन स्पष्ट किया कि जब तक कानून पूरी तरह निरस्त नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।

कथावाचक पंडित पवन कृष्ण शास्त्री ने कहा कि मशाल जुलूस स्वर्ण समाज के आक्रोश का प्रतीक है और आगे भी चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

मशाल जुलूस में स्वामी सत्यव्रतानंद, आचार्य चंद्र सागर, आचार्य संजय कृष्ण शास्त्री, आचार्य विष्णु प्रसाद, भागवताचार्य पंडित पवन कृष्ण शास्त्री, कुलदीप कृष्ण चौहान, कुलदीप शर्मा, संजय शर्मा, सुनील त्रिपाठी, बालकृष्ण शास्त्री, ऋषि शर्मा, नंदू ठाकुर, उमेश चावला, संजू अग्रवाल, मनोज गुप्ता, लवी चौहान, अभी चौहान, अरविंद श्रीवास्तव, सागर शर्मा, वैभव सक्सैना, प्रवीण शर्मा, डॉ उदित त्यागी, महेश कुमार, अभिषेक भारद्वाज, मनोज ठाकुर, आशीष शर्मा, बृजमोहन शर्मा, बबलू चौहान, आशीष चौहान, सुनील तनेजा, मुकेश जैन, मिलाप जैन, रोहित शर्मा, मुकेश कौशिक, सचिन शर्मा, विनोद मिश्रा, राजेंद्र शर्मा, विनीत शर्मा, मधुकर भारद्वाज, किसान नेता अरुण शर्मा, चांद गिरी, डॉ सुजीत शर्मा, सोमपाल कश्यप, सनी लाखेड़ा, मनोज मेहता और अशोक त्रिपाठी समेत कई लोग मौजूद रहे।

