देहरादून। देहरादून स्थित पुलिस लाइन में शनिवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लिटिल फिट संस्था द्वारा पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए विशेष रूप से कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जिसे डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, लिटिल फिट संस्था के संस्थापक डॉ. अभिनव तोमर और संस्था की कोषाध्यक्ष-संयोजक डॉ. कवि रजनी चौहान ने संयुक्त रूप से किया। दोनों अतिथियों ने मुख्य अतिथि का बुके और फूलमालाओं से अभिनंदन कर उनका स्वागत किया।

डॉ. अभिनव तोमर, जो कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़ौत के निवासी हैं। उनकी सहयोगी डॉ. रजनी चौहान के सौजन्य से आयोजित इस कवि सम्मेलन ने सभी उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया। पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के लिए आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम की सभी ने सराहना की। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. निशंक ने लिटिल फिट संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और पुलिस विभाग जैसे व्यस्त सेवा क्षेत्र को रचनात्मक विराम प्रदान करते हैं। उन्होंने संस्था को साधुवाद देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के आयोजन करते रहने की शुभकामनाएं दीं।कवि सम्मेलन में देशभर से प्रसिद्ध कवियों ने भाग लिया, जिनमें एलेश अवस्थी, हास्य कवि विनोद पाल, डॉ. निखिल चौहान, प्रीति पांडे, अकबर ताज और गौरव बंसल जैसे नाम शामिल हैं।

इनमें से कुछ कवि टीवी के लोकप्रिय मंच ‘वाह! वाह! क्या बात है’ पर भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं।कार्यक्रम के अंत में लिटिल फिट संस्था के संस्थापक डॉ. अभिनव तोमर और डॉ. रजनी चौहान ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया और इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। उपस्थित जनसमूह ने इस आयोजन की प्रशंसा करते हुए आयोजकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।