हरिद्वार, संवाददाता। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू एवं भाजपा नेत्री अपर्णा यादव शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचीं। उन्होंने यूपी सिंचाई विभाग के वीआईपी घाट पर गंगा स्नान किया। इस दौरान पति प्रतीक यादव से तलाक को लेकर चल रही चर्चाओं पर सवाल पूछे जाने पर अपर्णा यादव ने मीडिया से बातचीत करने से साफ इनकार कर दिया।
गंगा स्नान के दौरान जब पत्रकारों ने सवाल किए तो अपर्णा यादव नाराज हो गईं। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि इन तीनों की फोटो खींचिए, उन्होंने बिना परमिशन के फोटो वीडियो बनाई हैं। आरोप लगाया कि जबरन फोटो और वीडियो बनाए जा रहे हैं। हालात को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों ने छाते की आड़ में उन्हें कैमरों से दूर ले जाया गया। अपर्णा यादव लगातार पूछे जा रहे सवालों और कैमरों से बचती नजर आईं और किसी भी तरह की टिप्पणी करने से किनारा कर लिया। बताया जा रहा है कि पति प्रतीक यादव से तलाक की चर्चाओं के बीच यह उनका उत्तराखंड का पहला दौरा है।
गौरतलब है कि हाल ही में प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा कर अपर्णा यादव को जल्द तलाक देने की बात कही थी। पोस्ट में उन्होंने पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए थे। प्रतीक यादव ने पोस्ट में लिखा था कि उनकी वजह से पारिवारिक रिश्ते खराब हुए हैं और उनकी मानसिक स्थिति भी खराब है। हालांकि, इस पूरे मामले पर अपर्णा यादव की ओर से अब तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अपर्णा यादव वर्तमान में यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। वह मूल रूप से उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद के गढ़बरसाली गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। अपर्णा यादव और प्रतीक यादव की शादी वर्ष 2011 में हाई प्रोफाइल समारोह में हुई थी।

