हरिद्वार। गांधी जयंती के अवसर पर गंगा स्पोर्ट्स फाउंडेशन और शिवडेल स्कूल, जगजीतपुर के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बास्केटबॉल, वालीबॉल, खो-खो, योगासन और हैंडबॉल प्रतियोगिताओं में बच्चों और युवाओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। खेल मैदान पर खिलाड़ियों ने पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और टीम भावना के लिए प्रेरित करना रहा। अलग-अलग खेलों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिताओं के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने पर खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बास्केटबॉल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष ललित नैय्यर और बास्केटबॉल एसोसिएशन के चेयरमैन रवि बजाज रहे। विशिष्ट अतिथियों में सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, शिवडेल स्कूल के प्रधानाचार्य अरविंद बंसल और बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव संजय चौहान शामिल रहे।
ललित नैय्यर ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक विकास के साथ उनके भीतर अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गांधी जयंती जैसे अवसर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का बेहतर माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
रवि बजाज ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई प्रतिभा होती है। जरूरत उसे उचित मंच और मार्गदर्शन देने की है। खेल प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर देती हैं। नियमित खेल गतिविधियों से बच्चों में आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, खेल प्रशिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

