हरिद्वार। नगर आयुक्त के निर्देश पर शनिवार को नगर निगम की टीम ने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान सीसीआर भवन के पास स्थित एक सार्वजनिक शौचालय में अव्यवस्था मिलने के साथ ही मूत्रालय के इस्तेमाल के लिए यात्रियों से शुल्क वसूले जाने का मामला सामने आया। निगम की टीम ने यात्रियों से लिया गया शुल्क वापस कराया और शौचालय को तत्काल सील कर दिया।

उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक आकाश कुमार समेत नगर निगम की टीम मौजूद रही। टीम ने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के सभी सार्वजनिक शौचालयों में साफ-सफाई, रखरखाव और यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीसीआर भवन के निकट स्थित शौचालय में व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप नहीं मिलीं। इसके अलावा शौचालय संचालक की ओर से मूत्रालय के उपयोग के लिए यात्रियों से शुल्क लिया जा रहा था। टीम ने यात्रियों को उनका शुल्क वापस कराया और संबंधित शौचालय पर ताला लगाकर उसे सील कर दिया।
नगर निगम की टीम ने क्षेत्र के अन्य सार्वजनिक शौचालयों के संचालकों और कर्मचारियों को नियमित रूप से बेहतर साफ-सफाई रखने और यात्रियों के लिए निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने कहा कि सार्वजनिक शौचालयों में निर्धारित शुल्क के अलावा किसी भी तरह की अनियमित वसूली स्वीकार नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

