हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में देर रात हाईवे किनारे बस का इंतजार कर रहे दो यात्रियों को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक यात्री को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, देर रात दो यात्री दिल्ली जाने के लिए ऋषिकुल तिराहे के पास हाईवे किनारे पेट्रोल पंप के सामने बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान हरिद्वार की ओर से गुजर रहे अज्ञात वाहन ने दोनों यात्रियों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों यात्री सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने एक यात्री को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल का उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया है। जेब में मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान 19 वर्षीय योगेश निवासी गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना देने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं घायल यात्री की पहचान और हादसे के संबंध में अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

कनखल कोतवाली में तैनात एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि हाईवे किनारे खड़े दो यात्रियों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि दूसरे का अस्पताल में उपचार चल रहा है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वाहन की पहचान कर चालक तक पहुंचा जा सके।

