देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की घोषणा के बाद मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इसी क्रम में देहरादून में प्रख्यात पर्यावरणविद और पद्म भूषण से सम्मानित डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने अज्ञात वीआईपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उनकी शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डॉ. अनिल प्रकाश जोशी द्वारा वसंत विहार थाने में दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े कुछ अहम तथ्यों को दबाने और जांच की प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। शिकायत में कहा गया है कि कथित रूप से प्रभावशाली व्यक्ति ने अपने रसूख का इस्तेमाल कर न्याय की प्रक्रिया में बाधाएं उत्पन्न कीं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला गंभीर है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के दौरान सभी तथ्यों और साक्ष्यों को परखा जाएगा और उसके बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
गौरतलब है कि सीबीआई जांच की घोषणा के बाद अंकिता हत्याकांड से जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर नई शिकायतें और दावे सामने आ रहे हैं। ऐसे में देहरादून में दर्ज यह नया मुकदमा मामले को एक नई दिशा देता नजर आ रहा है।

