गीता जोशी, लालढांग। चण्डीघाट चौकी क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद पुलिस के साथ अभद्रता और राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में श्यामपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।
श्यामपुर थाना क्षेत्र के चण्डीघाट में 1 अप्रैल को हुए सड़क हादसे के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ और परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। इस दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और चौकी में तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। मामले में चौकी प्रभारी नवीन चौहान की तहरीर पर 2 अप्रैल को कोतवाली श्यामपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 और क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट की धारा 7 के तहत 10 नामजद और 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया। विवेचक उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी घटना या दुर्घटना की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और अपनी शिकायत कानूनी तरीके से दर्ज कराएं।

गिरफ्तार आरोपी:
सुबोध पुत्र बेचनराम (निवासी खत्ताबस्ती चण्डीघाट), सन्दीप पुत्र स्व. किशन (ग्राम कांगड़ी श्यामपुर), सोनू उर्फ टुंडा पुत्र सन्तोष शर्मा (दीनदयाल पार्किंग रोड़ीबेलवाला), गोविन्द शाह पुत्र गणेश शाह उर्फ चित्रा (भीमगौड़ा खड़खड़ी/गाजीवाली श्यामपुर) और रामबाबू उर्फ भूरा पुत्र जोगेन्द्र (दीनदयाल पार्किंग रोड़ीबेलवाला) शामिल हैं।

