हरिद्वार। हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र स्थित इक्कड़ रेलवे स्टेशन के पास फाटक पर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। रात को हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। जबकि दूसरे गुट का एक युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक जट बहादरपुर गांव के दो पक्षों में पुरानी दुश्मनी चली आ रही है। रविवार रात को इक्कड़ रेलवे स्टेशन के पास फाटक पर दोनों गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। दोनों तरफ से अंधाधुंध फायरिंग से हड़कंप मच गया। फायरिंग में पूर्व प्रधान पक्ष के राजन नाम के युवक को गोली लगी। जबकि दूसरे पक्ष के जतिन चौधरी को भी गोली लगी। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में राजन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया जबकि राजन चौधरी को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जिस जगह पर यह घटना हुई वहां गाड़ियां तक पलटी हुई पाई गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस कप्तान प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसपी देहात शेखर चंद सुयाल और सीओ लक्सर नताशा सिंह समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस ने गांव में मोर्चा संभाल लिया है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस बारीकी से मामले की जांच में जुटी है।