हरिद्वार, संवाददाता। एएसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल द्वारा जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में अपराधों की रोकथाम तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों व असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने हेतु नियमित चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी के आदेशों के अनुपालन में कोतवाली लक्सर पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने खानपुर निवासी गुरमीत को एक अवैध तमंचा व एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था। आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है, जो पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध कोतवाली लक्सर में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। जिसके बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

