हरिद्वार – हरिद्वार नगर निगम प्रशासन द्वारा मंगलवार से स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरुआत की गई। मुख्य नगर आयुक्त आईएएस वरुण चौधरी ने नगर निगम के कर्मचारियों के साथ मिलकर नगर निगम कार्यालय परिसर की साफ सफाई की। उन्होंने खुद हाथों में झाड़ू लेकर कार्यालय परिसर में जमा कूड़े कचरे को साफ किया। इतना ही उन्होंने सभी कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
वरुण चौधरी ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वच्छता पखवाड़ा चलाया जाएगा। हरिद्वार नगर निगम कार्यालय परिसर से सफाई अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान दो सप्ताह तक निरंतर चलेगा। हर की पौड़ी, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत तमाम गंगा घाटों को स्वच्छ करने का काम किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत के निर्माण में जागरूकता भी बेहद जरूरी है। इसलिए तमाम समाजसेवी संगठनों और स्कूली छात्र छात्राओं को भी स्वच्छता ही सेवा अभियान में शामिल किया जाएगा। उनके जरिए जनजागृकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे और इस अभियान के समापन पर एक बड़ा कार्यक्रम भी आयोजित होगा।

वरुण चौधरी ने कहा कि नगर निगम लगातार स्वच्छता की दिशा में कार्य कर रहा है। शिकायतों के निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां कॉल और व्हट्सएप के जरिए निगम संबंधी शिकायतों का निस्तारण कराया जा सकता है। उन्होंने सभी शहरवासियों से स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा में बढ़चढ कर भाग लेने की अपील भी की।

इस दौरान सहायक नगर आयुक्त श्याम सुंदर प्रशाद, रविंद्र कुमार दयाल अधिशाषी अभियन्ता आनन्द सिंह मिश्रवान, मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकान्त, संजय शर्मा, मनोज कुमार, विकास छाछर, सुनीत,सुनील सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल पर्यावरण प्रवेक्षक शिवकुमार,नीरज आदि मौजूद रहे।