हरिद्वार। हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के कटारपुर गांव में आपसी विवाद के दौरान एक युवक को गोली मार दी गई। गोली युवक के सिर में लगी है, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना गुरुवार देर शाम की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार रविदास मंदिर के पास कुछ युवक बैठे थे। इसी दौरान आपसी विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गांव के ही अनुज ने देशी तमंचे से 25 वर्षीय अर्जुन पर फायर कर दिया। गोली सीधे अर्जुन के सिर में लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। आनन फानन में अर्जुन को हरिद्वार के सतीकुंड स्थित निजी अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जॉली ग्रांट रेफर कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान हो गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। इधर, दो गोली लगने से घायल अर्जुन की हालत नाजुक बनी हुई है। सीओ लक्सर नताशा सिंह ने बताया कि पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

