हरिद्वार, संवाददाता। लक्सर क्षेत्र में लगातार मगरमच्छों की आमद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शुक्रवार को लक्सर वन विभाग की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर पहुंचे मगरमच्छों को कड़ी मशक्कत के बाद पकड़कर सुरक्षित वास स्थल पर छोड़ा।
महाराजपुर कला गांव में हड़कंप
लक्सर क्षेत्र के महाराजपुर कला गांव की है। यहां जसवीर सिंह पुत्र शेर सिंह के घर के पास खेतों में एक विशालकाय मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। विशालकाय मगरमच्छ करीब ढाई कुंतल वजनी था। तत्काल इसकी सूचना लक्सर वन विभाग की टीम को दी गई। सूचना पर गुरजंट सिंह और सुमित सैनी टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की भीड़ को नियंत्रित करते हुए मगरमच्छ को पकड़ने का अभियान शुरू किया। कई बार के प्रयास और मशक्कत के बाद वनकर्मियों ने मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे उसके प्राकृतिक वास स्थल में छोड़ दिया गया।

कश्यप कॉलोनी से भी मिला मगरमच्छ
वही बीती रात की घटना जियो पेट्रोल पंप के पास कश्यप कॉलोनी की है। यहां भी एक मगरमच्छ के दिखाई देने की खबर पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने चारों तरफ घेरा बनाकर रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी संघर्ष के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ा गया और बाद में उसे उसके वास स्थल में छोड़ा गया।

रेंज अधिकारी ने दी जानकारी
रेंज अधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि हाल के दिनों में गंगा और सहायक नदियों के जलस्तर में वृद्धि के कारण मगरमच्छ और अन्य जलीय जीव आबादी वाले क्षेत्रों में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे हालात में डरने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें। उन्होंने कहा कि विभाग की टीमें चौकस हैं और सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया जाता है।

