उत्तराखंड, हल्द्वानी। शहर के गल्ला मंडी परिसर में युवक और युवती के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सुबह मंडी परिसर के अंदर शव पड़े होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

एसपी सिटी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी और कोतवाली पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस टीम ने मंडी परिसर और आसपास के क्षेत्र को घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।

प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। दोनों की पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी गई है।
फिलहाल मृतक युवक-युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि दोनों की पहचान हो सके। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले का शीघ्र खुलासा करने के लिए विशेष टीम गठित की जा रही है और मंडी परिसर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

