हरिद्वार, संवाददाता। मोतीचूर फ्लाईओवर हादसे के बाद हरिद्वार के डीएम मयूर दीक्षित ने जनपद में राष्ट्रीय राजमार्गों की खराब स्थिति को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के तीन परियोजना निदेशकों को नोटिस जारी किया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जनपद से गुजरने वाले सभी राष्ट्रीय राजमार्गों को तत्काल गड्ढा मुक्त किया जाए और सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी इंतजाम प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं।
डीएम ने एनएच रुड़की, देहरादून और नजीबाबाद के परियोजना निदेशकों को नोटिस जारी किए। नोटिस में कहा कि जनपद के विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्माण कार्य चल रहा है लेकिन कई स्थानों पर गड्ढे, संकेत चिन्ह, रिफ्लेक्टर और प्रकाश व्यवस्था के अभाव में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसे देखते हुए आपदा न्यूनीकरण और प्रबंधन के तहत सड़क सुरक्षा के उपाय तत्काल लागू करना आवश्यक है।
डीएम ने निर्देश दिए कि सभी राष्ट्रीय राजमार्गों को गड्ढा मुक्त किया जाए, आवश्यक संकेत चिन्ह स्थापित किए जाएं और जहां भी लाइटें खराब हैं उन्हें तुरंत चालू कराया जाए। साथ ही जिन स्थानों पर अंधेरा है वहां शीघ्र स्ट्रीट लाइट लगाई जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इन निर्देशों का तत्काल पालन नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट और सभी उपजिलाधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्र में टीम के साथ निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

