लक्सर(हरिद्वार)। चुनाव से पहले लक्सर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज होती जा रही है। कई नेता चुनाव तैयारी में जुट गए हैं। उत्तराखंड सरकार में दर्जाधारी राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि भी लगातार क्षेत्र में सक्रिय नजर आ रहे हैं। इससे उनकी लक्सर से चुनावी तैयारियों के संकेत भी स्पष्ट दिखने लगे हैं। इसी क्रम में रविवार को उन्होंने नगर के मुख्य बाजार में पहुंचकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष शिवाय गुप्ता और उनकी टीम के नेतृत्व में व्यापारियों ने ओमप्रकाश जमदग्नि का जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया।

बाजार में कई स्थानों पर उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया गया, जिससे साफ है कि वे जनसंपर्क को लेकर पूरी तरह सक्रिय हैं। ओमप्रकाश जमदग्नि ने व्यापारियों से संवाद करते हुए क्षेत्र के विकास, व्यापार की उन्नति और स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सुझाव और सहयोग से लक्सर क्षेत्र के विकास को नई गति दी जाएगी। साथ ही उन्होंने सभी का आभार जताते हुए कहा कि जनता का स्नेह और समर्थन उनके लिए प्रेरणादायक है।

गौरतलब है कि ओमप्रकाश जमदग्नि पिछले कुछ समय से लगातार गांव-गांव, कालोनियों और बाजारों में जाकर लोगों से संपर्क साध रहे हैं। उनकी यह सक्रियता आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के रूप में देखी जा रही है।

महर्षि कश्यप जयंती पर शोभायात्रा का किया स्वागत
लक्सर विधानसभा क्षेत्र में महर्षि कश्यप जयंती के पावन अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा का दर्जाधारी राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पूज्य महर्षि कश्यप के आदर्श समाज को संगठित और सशक्त बनाने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में रवि कश्यप, राधेश्याम कश्यप, शिवकुमार कश्यप, बिशन पाल कश्यप, राजकुमार कश्यप, शिवम कश्यप, पंकज कश्यप, नरेश कश्यप, अंकित कश्यप और खेमसिंह कश्यप सहित समाज के कई वरिष्ठ लोग मौजूद रहे।

