नगर आयुक्त नंदन कुमार ने रोड़ी बेलवाला और पंतदीप में लिया विकास कार्यों का जायजा, तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश
हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने निर्माण एवं विकास कार्यों में तेजी लाने की कवायद तेज कर दी है। बुधवार को नगर आयुक्त व अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार ने रोड़ी बेलवाला, पंतदीप सहित विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति परखी और संबंधित अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं को दो टूक निर्देश दिए कि सभी काम निर्धारित समयसीमा में हर हाल में पूरे किए जाएं। जरूरत पड़ने पर निर्माण कार्य रात में भी कराया जाए, लेकिन किसी भी स्थिति में देरी नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि काम में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का भी पूरी तरह पालन किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण कार्यों की निगरानी करने और प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
नगर आयुक्त ने कुंभ मेले के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर भी मौके पर व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने रोड़ी बेलवाला और पंतदीप समेत विभिन्न क्षेत्रों में कॉम्पेक्टर और अन्य सफाई वाहनों के आवागमन और संचालन की संभावनाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से कूड़ा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव रहेगा। ऐसे में अभी से सफाई वाहनों के सुचारु संचालन और उनके आवागमन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे। ऐसे में शहर की व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करना जरूरी है। निर्माण कार्यों के साथ सफाई और कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था भी मजबूत की जाए, जिससे कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित हरिद्वार मिल सके।

