हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश एवं जिला प्रकोष्ठों की संयुक्त कार्यशाला मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। कार्यशाला में संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, विभिन्न प्रकोष्ठों की कार्यप्रणाली, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सेवा गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों को प्रभावी बनाने पर मंथन किया गया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री (आपदा प्रबंधन) विनय रूहेला ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि मानसून के दृष्टिगत नालों-नालियों की सफाई, सड़कों और पुलों की मरम्मत, जलभराव वाले क्षेत्रों की निगरानी, चिकित्सा एवं दवा व्यवस्था, पेयजल और विद्युत अवसंरचना की मरम्मत तथा आवश्यक वस्तुओं के भंडारण को राज्य सरकार प्राथमिकता के साथ पूरा करा रही है।

प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक प्रकोष्ठ संगठन की रीढ़ है और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित करना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने कहा कि कार्यशाला में प्रकोष्ठों की कार्ययोजना, संगठन विस्तार, सामाजिक सहभागिता, सेवा कार्यों, नवाचार आधारित जनसंपर्क तथा बूथ स्तर तक संगठन को अधिक सक्रिय बनाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनकल्याण, सुशासन और विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है।

जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने सभी प्रकोष्ठों से समन्वय के साथ संगठन के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक सक्रियता से संचालित करने का आह्वान किया। कार्यशाला का संचालन डॉ. संदीप गौड़ ने किया।
कार्यशाला में प्रमोद शर्मा, कपिल गुप्ता, विमला भट्ट, श्याम, संजय रावत, विनोद भट्ट, शिव प्रसाद, आचार्य विपिन जोशी, घनश्याम शर्मा, सचिन बलोटा, प्रियंका कंडारी, नवीनचंद, कुंवर कंडारी, संजय कुमार शर्मा, चेतन अरोड़ा, देवेंद्र सिंह बिष्ट, अभिनंदन गुप्ता, मनु रावत, सुशांत पाल, अनुज शर्मा, मोहन जोशी, देवकीनंदन पुरोहित, सतेंद्र चौहान सहित अनेक प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी मौजूद रहे।

