हरिद्वार। हरिद्वार में कांग्रेस द्वारा बुधवार को निकाली गई वोट बचाओ, देश बचाओ यात्रा की शुरुआत में ही पार्टी के दो नेताओं के बीच विवाद हो गया। लालढांग के कांग्रेस नेता गुरजीत लहरी और मंगलौर के कांग्रेस नेता जितेंद्र पंवार के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच लात घूंसे चलने से मौके पर कुछ देर अफरा तफरी का माहौल रहा। मारपीट से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया गया कि यात्रा शुरू होने के दौरान गुरजीत लहरी और जितेंद्र पंवार के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। आरोप है कि इसके बाद जितेंद्र पंवार के समर्थकों ने गुरजीत लहरी के साथ हाथापाई शुरू कर दी। दोनों पक्षों के समर्थक भी विवाद में शामिल हो गए। दोनों पक्षों की ओर से जमकर लात घूंसे चलने लगे। वहां मौजूद किसी शख्स ने यह नजारा अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पहले तो गुरजीत लहरी और जितेंद्र पंवार के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई। उसके बाद कुछ लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया। लेकिन इस बीच कुछ लोगों ने अचानक से गुरजीत लहरी पर हाथ छोड़ दिया। देखते ही देखते गुरजीत लहरी समर्थक और जितेंद्र पवार के समर्थक आमने-सामने आ गए। कुछ देर के लिए शिव मूर्ति चौक पर कांग्रेस की रैली जंग के मैदान में बदल गई। दोनों पक्षों की ओर से जमकर लात घूंसे चलने लगे।

यात्रा में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कांग्रेस के प्रदेश स्तर के कई बड़े नेता भी मौजूद थे। इसके बावजूद यात्रा की शुरुआत में ही नेताओं के समर्थकों के बीच विवाद होने से पार्टी के भीतर गुटबाजी सामने आ गई। बताया जा रहा है कि गुरजीत लहरी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और उनकी बेटी विधायक अनुपमा रावत के करीबी हैं। जबकि जितेंद्र पंवार मंगलौर से कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन के करीबी हैं।
वहीं कांग्रेस नेता गुरजीत लहरी ने आरोप लगाया कि जितेंद्र पंवार और उनके समर्थक उनके साथ अभद्रता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दी जाएगी और उनके सामने मामले को रखा जाएगा।
महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने बताया कि मारपीट का मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। वो यात्रा में आगे चल रहे थे।

