हरिद्वार। हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र के खड़खड़ी में मंगलवार सुबह चेन स्नेचिंग के आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। बिल्केश्वर रोड के पास पुलिस को देखते ही आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाएं पैर में लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसकी पहचान नरेश निवासी सुलतानपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। वही अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश का दूसरा साथी फरार होने में कामयाब रहा।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह खड़खड़ी क्षेत्र में एक महिला की बाइक सवार बदमाश ने चेन झपट ली और फरार हो गया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। चेन स्नेचिंग की घटनाओं के संबंध में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा की टीम को बिल्केश्वर रोड के पास आरोपी बदमाशों के छिपे होने के बारे में जानकारी मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया तो वो फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भाग गए। इसके बाद पुलिस टीम ने जंगल की घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। बदमाशों ने पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान गोली, एक बदमाश के दाएं पैर में लगी और वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल आरोपी को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी चेन स्नेचिंग की कई घटनाओं में शामिल रहा है। उसके कब्जे से सोने की चेन और चोरी की बाइक भी बरामद हुई है। वही अंधेरे का फायदा उठाकर इसका साथी फरार होने में कामयाब रहा।

वहीं मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी पुलिसकर्मियों के सामने रोता नजर आया। बताया जा रहा है कि वह पुलिसकर्मियों से माफी मांगते हुए कह रहा था माफ कर दो साहब, गलती हो गई। पुलिस आरोपी से चेन स्नेचिंग की अन्य घटनाओं और उसके साथियों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
हरिद्वार के सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि चेन स्नेचिंग के मामले में आरोपी नरेश की तलाश की जा रही थी। बिल्केश्वर रोड के पास पुलिस टीम ने उसे घेरने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

वहीं एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाश से पूछताछ की। अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी जुटाई। उन्होंने बताया कि नरेश और दिनेश नाम के आरोपी ट्रेन से हरिद्वार पहुंचे। पहले बाइक चोरी की दो वारदातों को अंजाम दिया। फिर हरिद्वार और रायवाला में चेन स्नेचिंग की तीन वारदातों का अंजाम दिया। दोनों आरोपियों ने चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जवाबी फायरिंग में नरेश उर्फ भिंडे को गोली लगी और उसे गिरफ्तार किया गया। जल्द ही फरार बदमाश को भी गिरफ्तार किया जाएगा। एक टीम दिल्ली भी रवाना की गई है।

